बढ़नी/सिद्धार्थनगर। श्री ब्रजेश्वरी इंटर कॉलेज, घरूआर, बढ़नी के परिसर में जनपदीय विद्यालय बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बालिका वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि युवा नेता एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सिद्धार्थ चौधरी ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताओं से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन तथा टीम भावना भी विकसित होती है। हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।
बालिका वर्ग के परिणाम
अंडर-14 में यूपीएस बहैरवा (बेसिक) ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय औदही उपविजेता रहा। अंडर-17 में जनता इंटर कॉलेज असिधवा चेतिया विजेता और गांधी आदर्श इंटर कॉलेज बढ़नी उपविजेता रहा। अंडर-19 वर्ग में भी जनता इंटर कॉलेज असिधवा चेतिया ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज बहैरवा दूसरे स्थान पर रहा।
आयोजकों ने अतिथियों और प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, सुनील अग्रहरि, साधना चौधरी, सिद्धार्थ पाठक, शैलेश पांडेय, उदय प्रकाश मौर्य, पूर्व शिक्षक रंगीलाल, विमल कुमार राय सहित शिक्षक, छात्र-छात्राएं और खेल प्रेमी मौजूद रहे।