बढ़नी बॉर्डर पर 3.50 लाख रुपये के साथ नेपाली नागरिक पकड़ा
एसएसबी की गश्ती टीम ने 500-500 के 700 नोट बरामद किए, कस्टम को सौंपा
बढ़नी/सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर बढ़नी क्षेत्र में एसएसबी की 50वीं वाहिनी बलरामपुर की सी समवाय ने एक नेपाली नागरिक के कब्जे से 3.50 लाख रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की। गश्ती दल ने पूछताछ के बाद व्यक्ति को हिरासत में लेकर बरामद रकम समेत कस्टम कार्यालय बढ़नी के सुपुर्द कर दिया।एसएसबी के प्रेस नोट के मुताबिक, एक अक्टूबर की दोपहर रामलीला मैदान से सीमा की ओर जा रहे व्यक्ति को विशेष गश्ती दल के कमांडर उपनिरीक्षक मुकेश चंद्र और चार अन्य जवानों ने रोककर पूछताछ की। व्यक्ति ने अपना नाम गंगा बनिया (39), निवासी सिरसिहवा, कपिलवस्तु, नेपाल बताया।गश्ती दल ने उसके पास मौजूद काली पॉलीथिन के बारे में पूछा तो उसने उसमें भारतीय मुद्रा होने की जानकारी दी। तलाशी में 500-500 रुपये के नोट मिले। गिनती करने पर कुल 700 नोट यानी 3,50,000 रुपये पाए गए।प्रेस नोट के अनुसार, पूछताछ में व्यक्ति ने रकम को अपना बताते हुए कहा कि वह मुद्रा विनिमय का काम करता है और इसके बदले उसे दलाली मिलती है। एसएसबी ने बताया कि निर्धारित सीमा से अधिक भारतीय मुद्रा ले जाने की स्थिति में रकम को कब्जे में लिया गया।कार्रवाई के दौरान मानवीय अधिकारों और न्यायालयीय प्रक्रिया के पालन का उल्लेख करते हुए एसएसबी ने बरामद 3.50 लाख रुपये और पकड़े गए नेपाली नागरिक को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, बढ़नी को सौंप दिया। उसके भाई को फोन के माध्यम से हिरासत में लिए जाने की सूचना दिए जाने की भी बात प्रेस नोट में कही गई है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।