शोहरतगढ़। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर बाम दलों के देशव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत सिद्धार्थनगर में भी प्रदर्शन किया गया। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी की जिला कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शोहरतगढ़ तहसील मुख्यालय पर धरना दिया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।ज्ञापन में बाम दलों ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सवाल उठाए। दलों का आरोप है कि एसआईआर के माध्यम से नागरिकों के मतदान के अधिकार को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने इसे निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता से जुड़ा गंभीर विषय बताया।बाम दलों ने निर्वाचन आयोग की स्वतंत्र और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली बहाल करने की मांग की। साथ ही उन्होंने उस चयन समिति की व्यवस्था बहाल करने की मांग की, जिसमें प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश शामिल हों।यह प्रदर्शन 26 सितंबर से दो अक्टूबर तक प्रस्तावित देशव्यापी विरोध कार्यक्रम का हिस्सा बताया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार वर्तमान में निर्वाचन आयोग के प्रमुख हैं।प्रदर्शन का नेतृत्व श्यामलाल शर्मा ने किया। इस दौरान शिवशंकर चौधरी, बृज बिहारी, बृज भारती, दुर्गावती, सुरेंद्र नाथ, खेदू और शिवपाल सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।