बढ़नी, सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर बढ़नी में एसएसबी और कस्टम विभाग की संयुक्त जांच के दौरान एक नेपाली यात्री के कब्जे से बड़ी मात्रा में नेपाली और चीनी मूल के सामान बरामद किया गया। संयुक्त टीम ने यात्री को हिरासत में लेकर बरामद सामान समेत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, बढ़नी को सुपुर्द कर दिया।
एसएसबी के 50वीं वाहिनी बलरामपुर की ‘सी’ कंपनी बढ़नी और कस्टम विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने 2 अक्टूबर की सुबह नेपाल से भारत आ रही एक नेपाली बस की रूटीन BIT चेकिंग और फ्रिस्किंग की। बस की जांच के दौरान विभिन्न प्रकार के खाद्य उत्पाद, कपड़े और अन्य सामान मिला। यात्रियों से पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति ने सामान अपना होने की बात कही।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान नारायण प्रसाद गौतम (40), पुत्र यम प्रसाद गौतम, निवासी मंडन दीपुर, कब्रपालन चौक, नेपाल के रूप में हुई। जांच में उसके पास चीन निर्मित डिडियन कंप्रेस्ड एनर्जी बिस्किट के 59 पैकेट, गोल्डन क्राउन नारियल मिल्क कैंडी के 25 पैकेट, लेमन आइस टी की 45 बोतलें, चाइनीज रेडी-टू-ईट नूडल्स के 19 पैकेट और डेरन प्रीमियम तिब्बती चाय के 32 पैकेट मिले।
इसके अलावा नेपाली करेंट स्पाइसी नूडल्स के 160 पैकेट, रारा नूडल्स के 238 पैकेट, नेपाली मूल के सजावटी कपड़े 105 पीस, स्कार्फ 80 पीस, कार्डिगन/स्वेटर 90 पीस, शॉल 18 पीस, ऊनी कपड़ा पांच मीटर, हैंड रिबन नौ पैकेट, एक कालीन, 60 लेडीज आउटर वियर और 15 कमर परिधान भी बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान नेपाली नागरिक ने संयुक्त टीम को बताया कि वह सामान को बेचने और अपने रिश्तेदारों को देने के लिए दिल्ली ले जा रहा था। इसके बाद संयुक्त टीम ने यात्री और सामान को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की।
एसएसबी के अनुसार, माननीय न्यायालय और मानवाधिकार संबंधी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए बरामद सामान तथा नेपाली नागरिक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, बढ़नी को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में कस्टम विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।