लखनऊ, 2 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में कहा कि जनधन खातों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे गरीबों के बैंक खातों तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब जनधन खाते खोले जा रहे थे, तब इसका मजाक उड़ाया जाता था, लेकिन अब गरीब के खाते में सीधे पैसा पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को लोकभवन सभागार में ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ पर आधारित नाट्य श्रृंखला के मंचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होंगे। उनके अनुसार यह यात्रा बिना रुके, बिना झुके और बिना डिगे सेवा की रही है।
योगी ने 2004 से 2014 के बीच की कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार पर भ्रष्टाचार, अराजकता और अकर्मण्यता का आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय देश में अविश्वास का माहौल था। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद केंद्र सरकार की योजनाओं में जाति, मत, मजहब, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर सभी वर्गों को केंद्र में रखने का प्रयास किया गया।मुख्यमंत्री ने आवास, उज्ज्वला, शौचालय, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ गरीब परिवारों तक पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि आज देश में कोई व्यक्ति भूखा नहीं सोता। युवाओं के संदर्भ में उन्होंने स्टार्टअप, मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और अन्य संस्थानों के विस्तार का उल्लेख किया।
जनधन योजना के संबंध में केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार जुलाई 2026 तक 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले जा चुके थे। इन खातों के जरिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण सहित वित्तीय समावेशन की व्यवस्था को विस्तार मिला है।
कार्यक्रम से पहले भारतेंदु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक जीवन यात्रा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। इसमें 2001 के गुजरात भूकंप और कच्छ के पुनर्निर्माण समेत विभिन्न प्रसंगों को मंचित किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुति को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों तक ले जाने और उसमें स्थानीय भाषाओं व लोकगीतों को शामिल करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश व स्थानीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सरकार से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि भी दिया
जनधन से सीधे लाभार्थी तक ‘जनता के पैसे की लूट रोककर गरीब तक पहुंचाया हक’
योगी बोले—जनधन खातों का मजाक उड़ाने वालों को अब मिल गया जवाब, मोदी के 25 साल की सेवा यात्रा का किया उल्लेख
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।