बढ़नी, सिद्धार्थनगर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में शनिवार को एएनएम कर्मियों ने सेवा संबंधी मांगों को लेकर मोर्चा खोलते हुए पांच सूत्रीय ज्ञापन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी को सौंपा। कर्मियों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, महंगाई भत्ता, ईपीएफ और कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा समेत विभिन्न मांगों पर शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया हैएएनएम कर्मियों का कहना है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका है, लेकिन लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद संविदा कर्मचारियों को कई सुविधाओं और सेवा सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कर्मियों ने मांगों के शीघ्र समाधान की अपील की।
पांच सूत्रीय मांगों में क्या-क्या शामिल?
एएनएम कर्मियों ने ज्ञापन में नियमितीकरण, संविदा कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी तथा समान कार्य-समान वेतन की व्यवस्था लागू करने की मांग की। इसके अलावा महंगाई भत्ता और कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) का लाभ देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
कर्मियों ने अपने लिए स्वास्थ्य बीमा के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की भी मांग रखी। उनका कहना है कि बीमारी अथवा आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में चिकित्सा खर्च कर्मचारियों के लिए आर्थिक परेशानी का कारण बनता है।
रिक्त पदों पर गैर-जनपद स्थानांतरण की मांग
ज्ञापन में रिक्त पदों के सापेक्ष गैर-जनपद स्थानांतरण की व्यवस्था और सेवा सुरक्षा से संबंधित स्पष्ट नीति बनाने की मांग भी की गई। एएनएम कर्मियों ने कहा कि लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं देने के बावजूद संविदा कर्मचारियों के भविष्य को लेकर असुरक्षा बनी रहती है।
कर्मियों ने कहा कि एएनएम ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की देखभाल, टीकाकरण, परिवार नियोजन, स्वास्थ्य जागरूकता सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रमों को धरातल तक पहुंचाती हैं। ऐसे में सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान कर्मचारियों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता के लिए भी महत्वपूर्ण है।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी ने ज्ञापन प्राप्त कर कर्मचारियो को संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजने का आश्वासन दिया
एएनएम कर्मियों ने खोला मांगों का मोर्चा, नियमितीकरण से कैशलेस इलाज तक उठी आवाज
बढ़नी पीएचसी में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन; समान कार्य-समान वेतन, महंगाई भत्ता और ईपीएफ की मांग
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।