काठमांडू। नेपाली कांग्रेस के 15वें महाधिवेशन को लेकर राजधानी काठमांडू में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। महाधिवेशन स्थल और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। सुरक्षा के लिए 700 से अधिक पुलिसकर्मियों को सड़क पर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
काठमांडू पुलिस परिसर के प्रमुख एसएसपी दिलीप घिमिरे ने बताया कि भृकुटीमंडप स्थित नेपाल पुलिस क्लब में महाधिवेशन के लिए कमांड पोस्ट बनाया गया है। खुलामंच में उद्घाटन और बंद सत्र आयोजित होंगे, जबकि मनोनयन दाखिल करने और निर्वाचन समिति से जुड़े कार्यक्रम राष्ट्रीय सभा गृह में होंगे। इन सभी क्षेत्रों में सीसीटीवी के जरिए सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।
महाधिवेशन में आने वाले प्रतिनिधियों के निजी वाहनों के लिए धरहरा की भूमिगत पार्किंग, पुराने बसपार्क, भृकुटीमंडप, राष्ट्रीय सभागृह, प्रज्ञा-प्रतिष्ठान और दरबारमार्ग स्थित अन्नपूर्ण होटल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बाहर से प्रतिनिधियों को लेकर आने वाली बड़ी बसों के लिए माइतीघर से भद्रकाली तक सड़क की एक लेन इस्तेमाल करने की व्यवस्था होगी।कांग्रेस के अनुसार महाधिवेशन में 7,500 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था गौशाला, कोटेश्वर, लाजिम्पाट, ठमेल, बालाजु, नए बसपार्क, सुन्धारा और कलंकी क्षेत्र के होटलों में की गई है। भोजन और नाश्ते के लिए भृकुटीमंडप में पार्टी की ओर से मेस संचालित किया जाएगा।
महाधिवेशन का उद्घाटन दोपहर दो बजे खुलामंच में होगा। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को बंद सत्र तथा बुधवार और गुरुवार को नेतृत्व चयन के लिए निर्वाचन कार्यक्रम होंगे।
नेपाली कांग्रेस महाधिवेशन की सुरक्षा कड़ी, 700 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
नेपाली कांग्रेस के 15वें महाधिवेशन को लेकर राजधानी काठमांडू में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।