सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्राप्त समाचार के अनुसार चंडीगढ़ से सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस हलियापुर थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार चार लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 8:15 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 79.6 किलोमीटर के पास हुआ। एंबुलेंस  सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक गांव देवरिया जा रही थी। इसी दौरान एंबुलेंस की एक वाहन से टक्कर हुई और वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में शहीद के पुत्र गौरव सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल परिवार के दो अन्य सदस्यों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या चार हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक हलियापुर थाने में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और टक्कर मारने वाले वाहन की जांच कर रही है।
शहीद का पार्थिव शरीर घर पहुंचने से पहले हुए इस हादसे ने परिवार के दुख को और गहरा कर दिया। एक ओर परिवार शहीद को अंतिम विदाई देने की तैयारी कर रहा था, वहीं रास्ते में चार और लोगों की मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। मुख्यमंत्री उत्तरप्रदेश ने इस घटना के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
Representative image