नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर दिल्ली में जारी प्रदर्शन के दौरान रविवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में लिया गया। बाद में उन्हें नरेला इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन से रिहा कर दिया गया। इस बात की पुष्टि AISA की ओर से की गई है।
जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे प्रदर्शनकारीरविवार को AISA कार्यकर्ता अशोका रोड स्थित आंध्र भवन सर्किल से जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे थे। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाए थे और प्रदर्शनकारियों को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की ओर बढ़ने से रोका। इसके बाद पुलिस ने नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया। उन्हें बाद में नरेला इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां से उनकी रिहाई हुई।
AISA ने कहा कि नेहा बोरा को रिहा तो कर दिया गया, लेकिन उनका फोन और बैग उनके पास नहीं था। संगठन ने उनकी सहायता के लिए वकीलों की टीम पुलिस स्टेशन भेजने की बात कही। 

जंतर-मंतर के आसपास यह विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी रहा। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ SIR और मतदाता अधिकारों से जुड़े सवाल उठा रहे हैं। इससे पहले शनिवार को भी करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी, जिनमें नेहा बोरा, योगेंद्र यादव और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण शामिल थे।

रविवार की कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब जंतर-मंतर और उसके आसपास प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस की तैनाती और बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है।