आगरा। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों ने शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद आयोजित कार्यकर्ता बैठक में चौधरी ने कार्यकर्ताओं से दोनों प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश अध्यक्ष आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से रामाडा ग्रांड, प्रतापपुरा चौराहा पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुरुजी और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी के साथ नामांकन कार्यालय पहुंचे। दोनों प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह कार्यकर्ता परिचय बैठक में शामिल हुए।

पंकज चौधरी ने कहा कि देखने में यह चुनाव छोटा जरूर है, लेकिन राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से इसका महत्व बड़ा है। उन्होंने कहा, “मेरे प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला चुनाव होने जा रहा है। इसलिए इस चुनाव में मेरी मान-प्रतिष्ठा भी लगी हुई है।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क करने और घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों तथा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने को कहा। उन्होंने दोनों प्रत्याशियों को जिताने के लिए संगठन के स्तर पर पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान में भी कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने कहा, “मुंगेरीलाल के सपने तो कोई भी देख सकता है।”