लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) को लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल बताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत सदियों से लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक रहा है और निर्वाचन आयोग द्वारा कराया जा रहा SIR देश की लोकतांत्रिक विरासत को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके लोगों और डुप्लीकेट प्रविष्टियों का नियमानुसार सत्यापन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमों के तहत मतदाता सूची में अवैध रूप से दर्ज अपात्र नामों की पहचान कर उन्हें हटाना देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए जरूरी है।
योगी आदित्यनाथ ने विशेष रूप से युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और मजबूत बनाने की प्रक्रिया में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी के जरिए देश में शुद्ध, मजबूत और पारदर्शी मतदाता सूची का निर्माण किया जा सकता है।