काठमांडू। नेपाल के गृह मंत्री सुधन गुरुङ 26 अक्टूबर को भारत की यात्रा पर नई दिल्ली रवाना होंगे। गृह मंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। वह 27 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित बिम्सटेक (बहुक्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग पहल) के सदस्य देशों के गृह मंत्रियों की पहली बैठक में शामिल होंगे।
बैठक में नेपाल के अलावा भारत, बांग्लादेश, भूटान, म्यांमार, श्रीलंका और थाईलैंड के गृह मंत्री हिस्सा लेंगे। नेपाली अधिकारियों के अनुसार, गृह मंत्रियों की बैठक से पहले सदस्य देशों के गृह सचिवों की बैठक होगी। इसमें क्षेत्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बिम्सटेक की स्थापना वर्ष 1997 में क्षेत्रीय सहयोग संगठन के रूप में हुई थी। गृह मंत्री स्तर पर पहली बार आयोजित होने वाली इस बैठक में सदस्य देशों के बीच साझा सुरक्षा चिंताओं, कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग तथा सुरक्षा और खुफिया तंत्र के बीच समन्वय बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।
नेपाली अधिकारियों के मुताबिक, गुरुङ अपनी भारत यात्रा के दौरान भारतीय अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर भी बातचीत कर सकते हैं। भारतीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी संभावित मुलाकात को भी इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।
इससे पहले 30-31 अगस्त 2018 को काठमांडू में आयोजित चौथे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों के नेताओं ने कानून प्रवर्तन, खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के बीच सहयोग एवं समन्वय मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई थी। नई दिल्ली में होने वाली पहली गृह मंत्री स्तरीय बैठक को इसी क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नेपाल के गृह मंत्री सुधन गुरुङ 26 अक्टूबर को भारत आएंगे, अमित शाह से मुलाकात की संभावना
नेपाल के नए गृह मंत्री सुधन गुरुङ पहली विदेश यात्रा पर भारत आएंगे। 27 अक्टूबर को नई दिल्ली में होने वाली पहली बिम्सटेक गृह मंत्री बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा और सहयोग पर मंथन होगा। इसी दौरान भारतीय गृह मंत्री अमित शाह से गुरुङ की संभावित मुलाकात पर भी नजर रहेगी।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।