इटवा, सिद्धार्थनगर। इटवा थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव के पास सिकरी नाले में सोमवार सुबह डूबने से 67 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
वह बकरी चराने के लिए नाले के पास गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें पानी से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान मधवापुर निवासी सबरे आलम पुत्र अजीजुल्लाह के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार सुबह वह इटवा-बढ़नी मार्ग पर मधवापुर गांव के उत्तर दिशा में स्थित सिकरी नाले के पास बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान वह पानी में कमल का फूल तोड़ने के लिए गए। अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

घटना की जानकारी होने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पानी में उतरकर उन्हें बाहर निकाला। उस समय उनकी हालत गंभीर थी। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी इटवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि सबरे आलम आठ बच्चों के पिता थे। इनमें चार बच्चे नाबालिग हैं। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।थाना प्रभारी ने बताया कि पानी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।