बस्ती। कृषि एवं उद्यान विभाग, बस्ती की ओर से वर्ष 2026-27 में मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
 प्रशिक्षण में किसानों को मशरूम उत्पादन की आधुनिक एवं व्यावहारिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान मशरूम की विभिन्न उत्पादन विधियों, पोषण एवं आर्थिक महत्व, उपयुक्त वातावरण तैयार करने, स्पॉन तैयार करने और उसके प्रयोग, मीडिया कम्पोस्ट सहित उत्पादन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।

विभाग के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम की आगामी कड़ी 5 से 7 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी। इसके बाद 2 से 4 नवंबर, 14 से 16 दिसंबर, 7 से 9 जनवरी 2027 तथा 1 से 3 फरवरी 2027 को भी प्रशिक्षण प्रस्तावित है। सितंबर में 7 से 9 सितंबर तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है।

दूर-दराज से आने वाले प्रशिक्षणार्थियों के लिए कृषक छात्रावास में एक साथ 25 किसानों के ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध है। हालांकि भोजन, जलपान और अन्य बोर्डिंग की व्यवस्था प्रशिक्षणार्थियों को स्वयं करनी होगी।प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए 50 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि प्रशिक्षण पुस्तिका के लिए 65 रुपये देने होंगे।

इच्छुक किसान पंजीकरण और विस्तृत जानकारी के लिए संयुक्त निदेशक कार्यालय के फोन नंबर 05542-246843 अथवा प्रभारी मशरूम सुश्री माधुरी सोनी के मोबाइल नंबर 9648312096 पर संपर्क कर सकते हैं।

विभाग का उद्देश्य मशरूम उत्पादन को किसानों के लिए स्वरोजगार और अतिरिक्त आय का माध्यम बनाना है। अपरिहार्य परिस्थितियों में प्रशिक्षण की निर्धारित तिथियों में बदलाव संभव है, जिसकी सूचना विभाग की ओर से अलग से दी जाएगी।