काठमांडू, 6 अक्टूबर। सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं लीक करने और पद की जिम्मेदारियों के विपरीत काम करने के आरोप में नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के अतिरिक्त महानिरीक्षक (एआईजी) वंशी राज दाहाल को निलंबित कर दिया गया है।
नेपाल के गृह मंत्रालय ने सोमवार को यह कार्रवाई करते हुए मामले की जांच के लिए एक जांच अधिकारी भी नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, सशस्त्र पुलिस बल की ओर से एआईजी दाहाल के खिलाफ पद की जिम्मेदारियों के विपरीत कार्य करने के मामले में कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। इसके बाद मंत्रालय ने मामले की औपचारिक जांच शुरू की।
मंत्रालय ने बताया कि निलंबन के साथ ही आरोपों की जांच के लिए नियुक्त अधिकारी को तीन दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंपने का निर्देश दिया गया है।दाहाल पर सुरक्षा से संबंधित संवेदनशील जानकारी के खुलासे और पद के दायित्वों के विपरीत काम करने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि आरोपों की अंतिम पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।गृह मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, शांति-व्यवस्था और राज्य से जुड़ी संवेदनशील सूचनाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मंत्रालय के अधीन संस्थाओं और अधिकारियों की गतिविधियों पर निर्धारित नियमों के तहत निगरानी और समीक्षा की जा रही है।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून के विरुद्ध किसी भी गतिविधि के सामने आने पर प्रचलित कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करते समय निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है
संवेदनशील सूचना लीक करने के आरोप में नेपाल के एआईजी वंशी राज दाहाल निलंबित
गृह मंत्रालय ने जांच अधिकारी नियुक्त किया, तीन दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।