अयोध्या, 5 अक्टूबर। रामनगरी अयोध्या एक बार फिर दीपों की रोशनी से जगमगाने को तैयार है। इस वर्ष 10वां दीपोत्सव पांच से सात नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। राम की पैड़ी समेत करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में 33 लाख मिट्टी के दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। आयोजन के लिए 55 हजार लीटर तेल और 65 लाख बातियों की व्यवस्था की जा रही है। दीप प्रज्वलन और आयोजन की व्यवस्थाओं में 34 हजार वालंटियर लगाए जाएंगे।
श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की ओर से होने वाले दीपोत्सव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दीपों, बातियों, तेल, टी-शर्ट, मोमबत्ती और करीब 150 किलो कपूर समेत अन्य सामग्री की खरीद की प्रक्रिया चल रही है। आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए पांच टेंडर जारी किए गए हैं। इनमें दीप सामग्री, स्टेज निर्माण, सजावट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं।
दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी पर विशेष स्टेज तैयार किया जाएगा। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। राम की पैड़ी से सरयू तट तक दीपों की कतारें और विभिन्न घाटों पर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। प्रमुख मंदिरों को एलईडी लाइटों से सजाने की भी तैयारी है। इससे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के साथ अयोध्या की स्थापत्य और पर्यटन छवि भी सामने आएगी।
दीप प्रज्वलन और व्यवस्थाओं में करीब 34 हजार वालंटियर शामिल होंगे। इनमें बड़ी संख्या में छात्र रहेंगे। वालंटियर दीप प्रज्वलन के साथ व्यवस्थाओं को सुचारु रखने में सहयोग करेंगे। आयोजन में शामिल छात्रों के खान-पान की व्यवस्था भी की जा रही है। वालंटियरों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में दीपों की कतारों के साथ फूलों और रोशनी की सजावट की जाएगी। आयोजन स्थल पर भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक सामग्री की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। वालंटियरों के प्रशिक्षण और छात्रों के भोजन की तैयारियां भी की जा रही हैं। नवंबर में होने वाले 10वें दीपोत्सव में रामनगरी 33 लाख दीपों की रोशनी से जगमगाएगी।
33 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी, 34 हजार वालंटियर संभालेंगे दीपोत्सव
पांच से सात नवंबर तक होगा 10वां दीपोत्सव, 55 हजार लीटर तेल और 65 लाख बातियों की तैयारी
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।