बढ़नी, सिद्धार्थनगर- विकास खण्ड बढ़नी के ग्राम समा परसा की एक महिला का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कार्यालय में अपने मकान गिरने और आवास योजना को लेकर शिकायत करती दिख रही हैं।

वीडियो में एक महिला, अधिकारियों के सामने कह रही है कि उसका घर गिर गया है और ग्राम प्रधान ने उससे पैसे ले लिए हैं। महिला का कहना है कि उसके चार बेटियां हैं और उसे काफी परेशानी हो रही है। वह अपने पैसे वापस करने की मांग कर रही है।

मामले पर कार्यालय में बैठे अधिकारी ने महिला को शासन की प्रक्रिया के बारे में समझाया। अधिकारी ने कहा कि "घर गिरने से तुरंत घर नहीं मिल जाता। इसकी एक निर्धारित सरकारी प्रक्रिया है। पहले सूचना देनी होती है कि घर गिर रहा है, उसे रजिस्टर में दर्ज किया जाता है, फिर जांच के बाद शासन स्तर से चेक और सहायता राशि की सूची बनती है। इसके लिए किसी को भी पैसा देने की जरूरत नहीं है।"

कार्यालय की दीवार पर 'रहन-सहन घर सबका बदला' का स्लोगन भी लिखा दिख रहा है, जिससे स्पष्ट है कि यह मामला आवास और स्वच्छता से जुड़े विभाग का है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में कई कच्चे मकान गिर गए हैं। अब देखना होगा कि ग्राम समा परसा के इस मामले में प्रशासन क्या जांच करता है और महिला को शासन की योजना का लाभ मिल पाता है या नहीं।