काठमांडू। नेपाली कांग्रेस के 15वें महाधिवेशन में नई केंद्रीय कार्यसमिति के चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान होगा। बारिश और तकनीकी कारणों से मतदान तीन घंटे देर से शुरू होगा। 7,255 प्रतिनिधि सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कर पार्टी के नए नेतृत्व का फैसला करेंगे।
केंद्रीय निर्वाचन समिति के संयोजक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेमबहादुर खड्का ने बताया कि पहले मतदान सुबह सात बजे से प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम और कुछ तकनीकी तैयारियां पूरी न होने के कारण समय में बदलाव किया गया है।
प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए काठमांडू में तीन स्थानों पर सात मतदान केंद्र बनाए गए हैं। राष्ट्रीय सभागृह, खुलामंच और प्रज्ञा भवन में मतदान होगा। राष्ट्रीय सभागृह में बागमती प्रदेश के प्रतिनिधि वोट डालेंगे।
खुलामंच में कोशी, मधेस, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रदेश के प्रतिनिधियों के लिए मतदान की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा भ्रातृ एवं शुभेच्छुक संस्थाओं तथा जनसंपर्क समितियों से महाधिवेशन प्रतिनिधि बने सदस्य भी यहीं मतदान करेंगे।
प्रज्ञा भवन में गंडकी और लुंबिनी प्रदेश के प्रतिनिधियों के लिए मतदान केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक प्रतिनिधि को निर्धारित मतदान केंद्र पर ही वोट डालना होगा।
निर्वाचन समिति के मुताबिक मतदान से पहले प्रतिनिधियों की पहचान और मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद ही मतदान की अनुमति मिलेगी। मतदान शाम पांच बजे समाप्त होगा। इसके साथ ही कांग्रेस के अगले केंद्रीय नेतृत्व को लेकर तस्वीर साफ होने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।