सिद्धार्थनगर। नवरात्र पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शोहरतगढ़ क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 66.5 किलोग्राम कुट्टू का आटा सीज किया गया और छह खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। टीम ने चौक बाजार, शोहरतगढ़ से कुट्टू के आटे के दो और गोपीश्री ब्रांड घी का एक नमूना लिया। वहीं, ढेकहरी बुजुर्ग से कुट्टू के आटे, साबूदाना और मूंगफली के तेल के नमूने संग्रहित किए गए।विभाग के अनुसार, मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर कुट्टू के आटे की 66.5 किलोग्राम मात्रा सीज की गई। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचने के लिए जागरूक भी किया गया।
कार्रवाई में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आरएल यादव तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी हीरा लाल, नीरज कुमार चौधरी और रंजन कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे
नवरात्र पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 66.5 किलो कुट्टू का आटा सीज
शोहरतगढ़ में छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गएl
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।