बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के बढ़नी और कृष्णानगर में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना को लेकर उत्साह का माहौल है। बढ़नी चट्टी बाजार स्थित श्री सार्वजनिक मां शीतला-काली-दुर्गा मंदिर में रविवार से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। वहीं, नगर पंचायत बढ़नी और कृष्णानगर के विभिन्न वार्डों व मोहल्लों में पूजा समितियों ने पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर पूजन शुरू कर दिया है। कई स्थानों पर पंडालों को सजाने और तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम जारी है।

बढ़नी चट्टी बाजार स्थित मंदिर में सुबह-शाम मां के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भक्त मां के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। मंदिरों, घरों और पूजा समितियों के पंडालों में हो रही आराधना से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आ रहा है।

कृष्णानगर में टिल्लू दाई के घर के सामने बनाए गए पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-पाठ शुरू कर दिया गया है। वहीं, नगर पंचायत बढ़नी के चट्टी बाजार में भी पंडालों को आकर्षक रूप देने के लिए सजावट और अन्य व्यवस्थाओं का काम तेजी से चल रहा है। यहां मां दुर्गा की प्रतिमा के चलित दर्शन की व्यवस्था किए जाने की भी चर्चा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कहीं रविवार से तो कहीं पंचमी के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू की जाएगी। पूजा समितियां आयोजन को व्यवस्थित बनाने में जुटी हैं। श्रद्धालुओं में मां के दर्शन और पूजन को लेकर खासा उत्साह है। आगामी दिनों में विभिन्न पंडालों में पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।