लखनऊ। एएनटीएफ की लखनऊ यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह किलो 400 ग्राम मॉर्फीन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मॉर्फीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 32 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से .32 बोर पिस्टल, पांच कारतूस, छह मोबाइल फोन, तीन वाहन और 16,170 रुपये नकद भी मिले हैं।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुहैल और अमजद के रूप में हुई है। एएनटीएफ ने दोनों को 12 अक्टूबर को दुबग्गा थाना क्षेत्र से पकड़ा।


जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर मॉर्फीन की सप्लाई के साथ हेरोइन बनाने में भी शामिल थे। इसके लिए वे क्रूड मॉर्फीन और अमोनियम क्लोराइड जैसे कच्चे माल की खरीद करते थे। हेरोइन निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायन एसिटिक एनहाइड्राइड की आपूर्ति मुरादाबाद निवासी पिंकू द्वारा किए जाने की जानकारी मिली है।


पूछताछ के अनुसार, आरोपी करीब एक साल से कथित अवैध निर्माण इकाई चला रहे थे। यहां तैयार हेरोइन की सप्लाई लखनऊ, बाराबंकी और बरेली के वितरकों तक की जाती थी।

नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रहीं एजेंसियांकार्रवाई के बाद जांच एजेंसियां कच्चे माल की आपूर्ति, कथित निर्माण और वितरण नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं। मुरादाबाद निवासी पिंकू की भूमिका समेत पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है