नई दिल्ली। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच 20 अक्टूबर 2026 को मुंबई में द्विपक्षीय वार्ता होगी। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इस बैठक की पुष्टि की। वार्ता का उद्देश्य भारत-अमेरिका के व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, दोनों देशों के बीच बातचीत में ऊर्जा, व्यापार एवं निवेश, रक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित आपसी सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा होने की उम्मीद है। दोनों पक्ष क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
रुबियो के भारत दौरे का कार्यक्रम
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक भारत यात्रा पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम में मुंबई और जामनगर का दौरा शामिल है। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत में चुनौतियां बनी हुई हैं और ऊर्जा सहयोग दोनों देशों के एजेंडे में महत्वपूर्ण है।
जयशंकर 19 और 20 अक्टूबर को मुंबई में संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की भी मेजबानी करेंगे। 20 अक्टूबर को वह अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथि-विशेष के रूप में शामिल होंगे।
क्यों अहम है बैठक?
इस वार्ता में ऊर्जा सुरक्षा, व्यापारिक संबंधों, रक्षा सहयोग और उभरती तकनीकों जैसे मुद्दों पर आगे की दिशा तय करने का अवसर मिलेगा। हालांकि, बैठक के नतीजों या किसी नए समझौते की घोषणा के बारे में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।