​काठमांडू, 17 अक्टूबर: नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने शनिवार को देश के सबसे बड़े त्योहार 'बड़ा दशैं' (विजयादशमी) के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने विशेष संदेश में दोनों शीर्ष नेताओं ने इस महापर्व को पारिवारिक संबंधों को प्रगाढ़ करने, सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने और राष्ट्रीय एकता को अक्षुण्ण रखने का आधार बताया।

​यह संदेश 15 दिवसीय दशैं उत्सव के सातवें दिन 'फूलपाती' के अवसर पर जारी किए गए। फूलपाती के साथ ही देश में मुख्य उत्सव काल की औपचारिक शुरुआत हो जाती है, जिसके तहत सभी सरकारी कार्यालयों में अवकाश हो जाता है और पूरे नेपाल में उत्सव का माहौल चरम पर पहुंच जाता हैl

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने अपने बधाई संदेश में देश के युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार नेपाल के भीतर ही रोजगार के नए अवसर पैदा करने और आर्थिक समृद्धि को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि देश के नागरिकों और युवाओं को आजीविका की तलाश में विदेश जाने के लिए विवश न होना पड़े।

​ राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने अपने संदेश में कहा कि सांस्कृतिक विविधता से भरा दशैं जैसा पावन पर्व विभिन्न समुदायों के बीच आपसी प्रेम, सहिष्णुता और भाईचारे को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है।