बढ़नी सिद्धार्थनगर, 17 अक्टूबर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के बीच एसएसबी ने बढ़नी की बीआईटी चेकपोस्ट पर दो व्यक्तियों के पास से 809 ग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ (डोडा) बरामद किया। दोनों को स्थानीय ढेबरुआ थाने की पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि, बरामद पदार्थ को नेपाल ले जाने की योजना थी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को सुबह करीब 11:30 बजे सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 50वीं वाहिनी बलरामपुर के अंतर्गत जी समवाय बढ़नी की बीआईटी चेकपोस्ट पर जांच के दौरान दोनों व्यक्ति पकड़े गए। तलाशी में उनके पास पॉलीथिन में रखा 809 ग्राम डोडा बरामद हुआ।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ जिले के साईं क्षेत्र के खरीना निवासी राजेंद्र कुमार (43) पुत्र बेल बहादुर और पंजाब के संगरूर जिले के धूरी थाना क्षेत्र के भीभसा निवासी गुरजत सिंह (48) पुत्र बलदेव सिंह के रूप में हुई है।
भारत-नेपाल सीमा खुली होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में सामान और लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में मादक पदार्थों की अवैध आवाजाही रोकना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौतीपूर्ण है। हालांकि, इस मामले में दोनों व्यक्तियों का नेपाल से कोई तस्करी संबंध सामने आया है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
एसएसबी ने दोनों व्यक्तियों और बरामद पदार्थ को ढेबरुआ पुलिस को सौंप दिया है। अब मामले में बरामद पदार्थ की प्रकृति, उसके स्रोत और संभावित गंतव्य से जुड़े तथ्यों की जांच महत्वपूर्ण होगी l बताया जाता है कि एक आदमी बस का ड्राइवर था इसलिए प्राइवेट बस भी थाने पर पहुंचायी गयी ।
भारत से नेपाल तस्करी की आशंका, 809 ग्राम डोडा के साथ दो लोग पकड़े गए
बढ़नी की बीआईटी चेकपोस्ट पर एसएसबी की कार्रवाई, दोनों को बससे ढेबरुआ पुलिस को सौंपा l
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।